
उज्जैन/घट्टिया। रविवार सुबह सेवानिवृत्त पशु चिकित्सक की हत्या का मामला सामने आया। घटना घट्टिया थाना क्षेत्र की है। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए थे। खून से लथपथ पशु चिकित्सक का शव पोस्टमार्टम के लिए उज्जैन पहुंचाया गया है। पुलिस घटना स्थल की जांच कर रही है। जल्द ही मामले में हत्या करने वालों का सुराग तलाश लिया जाएगा।
घट्टिया थाना क्षेत्र के बस स्टैंड स्थित कैनरा बैंक के पास सेवानिवृत्त पशु चिकित्सक गजराजसिंह पिता किशोर तोमर 70 वर्ष का मकान बना हुआ है। वह मकान के प्रथम तल पर रहते थे। उनकी पत्नी शिवाकुंवर ऊपरी मंजिल पर रहती हैं। सुबह गजराजसिंह नींद से जागकर ऊपरी मंजिल पर नहीं पहुंचे तो पत्नी उन्हें देखने के लिए नीचे आई। कमरे में पलंग पर पति गजराजसिंह खून से लथपथ पड़े थे। पत्नी का शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हुए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। घटना स्थल पर पुलिस जांच में सामने आया कि सीने में चाकू घोंपकर हत्या की गई है। पूछताछ के दौरान पता चला कि गजराजसिंह की बायपास सर्जरी हुई थी जिसके चलते वह मकान के नीचे कमरे ही रहते थे। रात में अपने कमरे में सोते थे और सुबह चाय-नाश्ते के लिए ऊपरी मंजिल पर जाते थे।
घटना स्थल पर पहुंची पुलिस टीम
जानकारी यह भी सामने आई कि मृतक की दो बेटियां हैं जिनकी शादी हो चुकी है वहीं एक पुत्र विदेश में है। फिलहाल हत्या की वजह सामने नहीं आई है। घटना स्थल पर डीएसपी भारतसिंह यादव, थाना प्रभारी करण खोवाल और घट्टिया थाना पुलिस की टीम विवेचना के लिए पहुंची थी। आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक विवाद या किसी रंजिश में उनकी हत्या को अंजाम दिया गया है। घर में सिर्फ पति-पत्नी ही रहते थे। पुलिस आसपास लगे कैमरों के फुटेज भी देखने का प्रयास कर रही है। वहीं लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए उज्जैन चरक अस्पताल लाया गया जहां दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।
