माॅस्को, 23 अगस्त (वार्ता) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि रूस और अमेरिका न केवल रूसी आर्कटिक क्षेत्र में बल्कि अमेरिकी प्रांत अलास्का में तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) परियोजनाओं में सहयोग की संभावना पर चर्चा कर रहे हैं।
निज़नी नोवगोरोड क्षेत्र के सरोव में परमाणु उद्योग के श्रमिकों एवं वैज्ञानिकों के साथ शुक्रवार को आयोजित बैठक में श्री पुतिन ने कहा कि प्रमुख एलएनजी उत्पादक नोवाटेक सहित कई रूसी कंपनियां पहले से ही यूरोप और एशिया के भागीदारों के साथ सहयोग कर रही हैं।
तास समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक श्री पुतिन ने कहा, “इस क्षेत्र में हम अमेरिकी साझेदारों के साथ न केवल आर्कटिक क्षेत्र में बल्कि अलास्का में भी साथ मिलकर काम करने की संभावना पर चर्चा कर रहे हैं।”
श्री पुतिन ने कहा कि रूस के पास अद्वितीय एलएनजी प्रौद्योगिकियां हैं जिसके कारण अमेरिका सहित उसके साझेदारों में दिलचस्पी जागृत हुई है।
