छतरपुर:शनिवार सुबह पूर्व विधायक नाती राजा की 200 साल पुरानी रियासती इमारत ढह गई। यह घटना महल रोड स्थित पुरानी तहसील के पास हुई। इमारत के पास बुंदेलखंड हायर सेकेंडरी स्कूल और लाल बहादुर शास्त्री हाई स्कूल संचालित होते हैं, जहाँ सैकड़ों छात्र अध्ययन करते हैं। घटना के समय स्कूल शुरू होने में केवल आधे घंटे का समय शेष था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
मलबा गिरने की सूचना मिलते ही एसडीएम और सीएसपी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने तत्काल दोनों स्कूलों को दूसरी जगह शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं ताकि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।बताया जा रहा है कि इमारत काफी जर्जर स्थिति में थी और लगातार हो रही बारिश से यह पूरी तरह कमजोर हो गई थी।
सौभाग्य से घटना के समय छात्र और स्टाफ भवन के आसपास मौजूद नहीं थे। प्रशासन ने मलबा हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्र को एहतियातन खाली कराया गया है।
