नयी दिल्ली, 22 अगस्त (वार्ता) सार्वजनिक क्षेत्र के अग्रणी ऋण प्रदाता पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया है जिसके तहत बल के सेवारत कर्मचारियों और पेंशनधारकों को विशेष बीमा कवरेज और अन्य लाभ दिये जायेंगे।
पीएनबी ने शुक्रवार को बताया कि अपनी प्रमुख योजना “पीएनबी रक्षक प्लस” के अंतर्गत वह सीआरपीएफ के सभी सेवारत कर्मियों और पेंशनभोगियों को उन्नत बीमा कवरेज और अन्य लाभ प्रदान करेगा। इसके अतिरिक्त, रक्षक खाताधारक के आश्रितों और परिवारों को भी कई लाभ प्रदान किये जा रहे हैं।
पीएनबी के कार्यकारी निदेशक बिभु प्रसाद महापात्रा और सीआरपीएफ के डीआईजी (प्रशासन) डी.एस. नेगी की उपस्थिति में यहां लोधी रोड स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल महानिदेशालय में गुरुवार को एमओयू पर हस्ताक्षर किये गये। इस पर पीएनबी के मुख्य महाप्रबंधक बिनय कुमार गुप्ता और सीआरपीएफ महानिदेशालय के पुलिस महानिरीक्षक जकी अहमद ने हस्ताक्षर किये।
