नयी दिल्ली, 22 अगस्त (वार्ता) नवोदित किफायती विमान सेवा कंपनी अकासा एयर आगामी 01 अक्टूबर से केरल के कोझिकोड (कालीकट) से मुंबई के लिए दैनिक विमान सेवा शुरू करेगी।
एयरलाइंस ने शुक्रवार को बताया कि कोझिकोड उसके नेटवर्क में जुड़ने वाला 24वां घरेलू और कुल मिलाकर 30वां शहर होगा। इसके लिए बुकिंग शुरू हो गयी है। इससे पहले वह केरल में कोच्चि के लिए सेवा प्रदान कर रही है।
मूर्तियों का शहर कोझिकोड अपनी सांस्कृतिक विरासत, दर्शनीय स्थलों और व्यापार के लिए जाना जाता है।
अकासा एयर के सह-संस्थापक और मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी, प्रवीण अय्यर ने कहा, “हमें कोझिकोड को अपने नेटवर्क में 30वें शहर के रूप में जोड़कर खुशी हो रही है। यह अकासा एयर की विकास यात्रा में एक मील का पत्थर साबित होगा और केरल में हमारी कनेक्टिविटी का विस्तार करेगा। हमारी दैनिक मुंबई-कोझिकोड सेवा न केवल देश की वाणिज्यिक राजधानी और मालाबार तट के बीच संपर्क को बढ़ायेगी, बल्कि व्यापार, पर्यटन और आर्थिक अवसरों के लिए एक उत्प्रेरक का काम भी करेगी।”
