कांग्रेस ने भाजपा पर अल्पसंख्यक संस्थाओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया 

भोपाल: मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी डॉ. मुकेश नायक ने गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सुनियोजित तरीके से अल्पसंख्यक समुदाय द्वारा संचालित संस्थानों और संगठनों को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि झूठे आरोप लगाकर एफआईआर दर्ज की जा रही हैं और इन संस्थाओं की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।

डॉ. नायक ने कहा कि भाजपा समाज को बांटने का काम कर रही है और लोकतांत्रिक मूल्यों की खुली अवहेलना कर रही है। उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि कांग्रेस शासनकाल में मंत्री रहते हुए उन्होंने कांग्रेस नेता आरिफ मसूद को कॉलेज की अनुमति दी थी, जहां आज भी 300 से अधिक गरीब छात्र नि:शुल्क शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उस समय भवन, भूमि और एफडी से संबंधित नियमों में शिथिलता देकर अधिक से अधिक समाजों को संस्थान खोलने हेतु प्रोत्साहित किया गया ताकि बच्चों को प्रवेश के समय अधिक विकल्प मिल सकें।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद कई महत्वपूर्ण सरकारी अभिलेख गायब हो गए। “जब भाजपा आरिफ मसूद को जनता की अदालत में पराजित नहीं कर पाई, तो अब उनके खिलाफ साजिश रचकर छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है,” डॉ. नायक ने कहा।

उन्होंने दमोह कोरोना अस्पताल का उदाहरण दिया, जिसने महामारी के दौरान गरीबों का मुफ्त इलाज किया। इसी तरह जलिल बडे परिवार के गंगा-जमुना अस्पताल व उनके स्कूल और व्यवसायों को झूठे मामलों में फंसाकर बंद करा दिया गया। उन्होंने 74 वर्षीय रजक खान का भी जिक्र किया, जो अनाथ बच्चों की परवरिश करते थे। अदालत से जमानत मिलने के बावजूद उन पर नए केस दर्ज कर दिए गए और वे अब भी जेल में हैं।

डॉ. नायक ने कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या है।

Next Post

सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, नसबंदी के बाद छोड़े जाएं सभी कुत्ते

Fri Aug 22 , 2025
सुप्रीम कोर्ट ने आवारा कुत्तों से जुड़ी याचिका पर फैसला सुनाया, जिसमें अदालत के 11 अगस्त के आदेश पर रोक लगाने की मांग की गई थी। उस आदेश के तहत सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर के सभी… सुप्रीम कोर्ट ने आज, शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में आवारा कुत्तों को लेकर अहम फैसला […]

You May Like