नयी दिल्ली, 09 मार्च (वार्ता) भारतीय क्रिकेट टीम ने जब फाइनल में न्यूजीलैंड को करारी शिकस्त देकर आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप की ट्रॉफी एक बार फिर अपने नाम कर ली तो पूरा भारत रविवार रात जश्न के माहौल में डूब गया और इस खुशी में बॉलीवुड भी शरीक रहा। इनमें आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर के मालिक और बॉलीवुड सुपर स्टार शाहरुख खान भी शामिल थे। उन्होंने भारत की इस यादगार जीत पर खुशी और गर्व व्यक्त किया। अभिनेता ने टीम इंडिया की ट्रॉफी उठाते तस्वीर साझा की और खिलाड़ियों की इस ‘मुकम्मल जीत’ की तारीफ की। टीम को ‘चैंपियन’ बताते हुए शाहरुख ने कहा कि उन्हें खेलता देख पूरे देश को नाज हो रहा है। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “क्या शानदार और मुकम्मल जीत है! हमारी ‘मेन इन ब्लू’ को बहुत-बहुत मुबारकबाद। आप असली चैंपियन हैं। आपको मैदान पर देखना हम सबके लिए गर्व की बात है। आप सबको सलाम। जय हिंद!” अभिनेता अक्षय कुमार भी इस डिजिटल जश्न में शामिल हुए। उन्होंने अपनी आने वाली फिल्म ‘भूत बंगला’ से अपने डांस का एक मजेदार वीडियो साझा किया। अक्षय ने बताया कि जीत के बाद देश के हर घर में ऐसा ही माहौल है। उन्होंने लिखा, “हर घर का यही हाल है! वर्ल्ड कप घर लाने के लिए टीम इंडिया को बहुत-बहुत बधाई।”
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर अपना खिताब बरकरार रखा। फाइनल मुकाबले में अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और संजू सैमसन के शानदार अर्धशतकों की बदौलत भारत ने 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम 159 रनों पर सिमट गयी, जिससे भारत को एक आसान जीत मिली। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने मैच जिताऊ स्पेल डाला और चार विकेट चटकाकर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब अपने नाम किया। अक्षर पटेल ने भी अहम भूमिका निभाते हुए तीन विकेट झटके। वहीं प्रतियोगिता के पांच मैचों में 321 रन बनाने वाले संजू सैमसन को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया। इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए पूर्व विश्व कप विजेता कप्तान एम एस धोनी और रोहित शर्मा भी स्टेडियम में मौजूद थे। इस जीत के साथ भारत पुरुष टी20 विश्व कप खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करने वाली पहली टीम बन गया है। यह 2007 और 2024 की जीत के बाद देश का तीसरा खिताब है, जिसने खेल के इस सबसे छोटे प्रारूप में टीम के दबदबे को और मजबूत कर दिया है।

