जहरीली शराब से 24 मौत मामले में 14 लोगों को 10-10 साल की सजा

मुरैना। बहुचर्चित छैरा जहरीली शराब कांड में कोर्ट ने पांच साल बाद फैसला सुनाया है। जौरा कोर्ट ने 14 आरोपियों को दस-दस साल की सजा सुनाई है। 11 आरोपियों पर 1 लाख 32 हजार रुपए का जुर्माना और 3 आरोपियों पर 1 लाख 7 हजार रुपए जुर्माना लगाया गया है।10 जनवरी 2021 को हुई इस घटना में 24 लोगों की मौत हुई थी।

छैरा मानपुर गांव के कई लोगों ने सस्ती शराब जमकर पी थी। इस जहरीली शराब को पीने से एक-एक कर तीन दिन में कुल 24 ग्रामीणों की मौत हुई थी। जहरीली शराब पीने से पहले लोगों की आंखों की रोशनी गई और फिर उनकी जान चली गई थी। इस मामले में पुलिस ने 14 लोगों पर एफआईआर दर्ज की थी। पांच साल बाद जौरा के अपर सत्र न्यायाधीश इंद्रजीत रघुवंशी की कोर्ट ने सभी आरोपों को सही पाया और सजा का ऐलान किया। इस मामले में दोषी साबित हुए मुकेश, राहुल, गिर्राज उर्फ गजराज, प्रदीप राठौर, ब्रजमोहन उर्फ कल्ला, सुरेंद्र, अंतराम, दिनेश करतार, मनजीत और सतीश इन सभी को दस-दस साल की सजा एवं 1 लाख 32 हजार का जुर्माने की सजा हुई है। वहीं आरोपी मनमोहन, खुशी लाल, रामवीर को दस-दस साल सजा के साथ कुल 1 लाख 7 हजार का जुर्माना लगाया गया है। 24 लोगों की मौत के बाद प्रशासन ने बड़े स्तर पर जिले भर के शराब तस्करों पर कार्रवाई की थी। बड़ी मात्रा में शराब लावारिस हालत में खेतों, सड़कों, नालों में पड़ी मिली थी। पुलिस ने आईपीसी की धारा 420, 465, 470, 471, 473 के तहत मामला दर्ज किया था।

*घटना के बाद मुरैना के कलेक्टर एवं एसपी पर गिरी थी गाज*

जहरीली शराब कांड के बाद प्रदेश सरकार ने मुरैना के कलेक्टर अनुराग वर्मा और एसपी अनुराग सुजानिया को हटा दिया था। छैरा-मानपुर में जहरीली शराब का खुलासा तब हुआ, जब 52 साल के एक व्यक्ति की मौत हुई। परिजन ने हार्ट अटैक समझकर उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। अगली सुबह जब एक-एक कर गांव के 28 से ज्यादा लोगों को उल्टियां शुरू हुईं तो गांववाले उन्हें जिला अस्पताल ले गए। इनमें दो लोगों की इलाज से पहले, सात की जिला अस्पताल में और तीन की ग्वालियर में मौत हो गई। गांववालों ने पहले ट्रैक्टर से श‌व ले जाने की जिद की। बाद में एम्बुलेंस से शव उतारकर मुरैना-जौरा हाईवे पर दो घंटे जाम लगाया गया था।

Next Post

सौराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, मुम्बई, राजस्थान, मिजोरम, छत्तीसगढ़ और सिक्किम बड़े स्कोर कर पारी की घोषित

Mon Nov 17 , 2025
नयी दिल्ली 17 नवंबर (वार्ता) रणजी ट्रॉफी मुकाबले के दूसरे दिन सोमवार को सौराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, मुम्बई, राजस्थान, मिजोरम, छत्तीसगढ़ और सिक्किम बड़े स्कोर बनाने के बाद पारी की घोषित की। रविचंद्रन स्मरण ने इस साल अपना दूसरा दोहरा शतक जड़कर कर्नाटक को चंडीगढ़ के खिलाफ दूसरे दिन एक बड़ा […]

You May Like