नयी दिल्ली, 09 मार्च (वार्ता) बॉलीवुड ने टी-20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की जीत पर जश्न मनाया और खुशियों का इजहार किया है।
भारतीय टीम ने रविवार को हुए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड पर धमाकेदार जीत दर्ज कर ‘आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप’ का खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के बाद पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई है। जैसे ही भारतीय खिलाड़ियों ने चमचमाती ट्रॉफी उठाई, सोशल मीडिया पर प्रशंसकों, राजनेताओं, खेल दिग्गजों और फिल्मी सितारों की ओर से बधाई संदेशों की बाढ़ आ गई। हर कोई टीम की इस ऐतिहासिक कामयाबी का जश्न मना रहा है। फिल्म निर्माता करण जौहर ने अपनी फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ का एक मशहूर वीडियो क्लिप इंस्टाग्राम पर साझा कर इस जीत की खुशी मनाई। अभिनेत्री करीना कपूर खान ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस बड़ी उपलब्धि का जश्न मनाया। वहीं, अनुष्का शर्मा ने टीम को बधाई देते हुए लिखा, “इस शानदार टीम को इस जबरदस्त जीत के लिए ढेर सारी बधाइयां! लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप जीतना अद्भुत है।”
अभिनेता सनी देओल ने भारतीय टीम के गबरुओं की तारीफ करते हुए लिखा, “भारतीय टीम के गबरू!!! आप जीत गए!!! चैंपियंस, आपने हिंदुस्तान का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। लगातार दो वर्ल्ड कप जीतने के लिए टीम इंडिया को बधाई, आप वाकई शेरों की तरह खेले – बिना किसी डर के और पूरे दिल से!”
अभिनेता अनिल कपूर ने चुटकी लेते हुए लिखा, “आज कीवी थोड़े ज्यादा ही मीठे लग रहे हैं! हमारी भारतीय टीम को बधाई, आप हमें गौरवान्वित करने का कोई मौका नहीं छोड़ते।”
दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने मैच के आखिरी पलों का वीडियो साझा करते हुए लिखा, “इंडिया जीत गया! जय हिंद!” अभिनेता जूनियर एनटीआर ने भी टीम को बधाई देते हुए कहा, “हमारे खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में जिस संयम और दबदबे के साथ खेल दिखाया, वह काबिले तारीफ है। वे फिर से ट्रॉफी घर ले आए और इतिहास रच दिया। बधाई टीम इंडिया, आज पूरा देश चैन की नींद सोएगा।” महेश बाबू ने टीम के दमदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए लिखा, “यह क्या शानदार खेल था! टीम इंडिया ने 140 करोड़ भारतीयों के दिल जीत लिए। सैमसन, अभिषेक, ईशान, दुबे, बुमराह और अक्षर समेत सभी का प्रदर्शन लाजवाब रहा। इतिहास के पन्नों पर देश का नाम सुनहरे अक्षरों में लिखा गया है। जय हिंद।” रकुल प्रीत सिंह, सोनू सूद, विक्की कौशल, अर्जुन कपूर, विवेक ओबेरॉय, रितेश देशमुख, अभिषेक बच्चन, सुनील शेट्टी, अहान शेट्टी, अपारशक्ति खुराना और पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे कई अन्य सितारों ने भी टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत को सलाम किया और इस यादगार पल का जश्न मनाया।

