मुंबई, 09 मार्च (वार्ता) बॉलीवुड के जानेमाने चरित्र अभिनेता परेश रावल की फिल्म ‘द ताज स्टोरी’ ओटीटी प्लेटफार्म लायंसगेट प्ले पर 13 मार्च से स्ट्रीम होगी।
तुषार अमरीश गोयल द्वारा निर्देशित इस फिल्म में परेश रावल, जाकिर हुसैन, अमृता खानविलकर, नमित दास और स्नेहा वाघ ने काम किया है। परेश रावल ने कहा, “द ताज स्टोरी में मैंने विष्णु दास का किरदार निभाया है। वह पारंपरिक रूप में हीरो नहीं है, बल्कि एक ऐसा आदमी है, जो ताजमहल की उस कहानी पर सवाल खड़ा करता है, जो वह सालों से टूरिस्ट्स को सुनाता आया है। और एक सवाल सबकुछ बदल देता है, क्या होगा जब हमारी पीढ़ियाँ जिस कहानी को सच मानती आई हैं, वह अधूरी हो? यह सवाल उसे इतिहास, अध्ययन और कोर्टरूम की बहस तक ले जाता है। उन्होंने कहा, मैं इस किरदार की ओर इसलिए आकर्षित हुआ क्योंकि वह किसी विचारधारा या विवाद से नहीं, बल्कि जिज्ञासा और दृढ़निश्चय से प्रेरित है। विष्णु सवाल पूछने का साहस करता है, तब भी, जब इसके उत्तर उसके जीवन को अस्तव्यस्त कर सकते हैं।
परेश रावल ने कहा, यह फिल्म आस्था के बारे में नहीं है। बल्कि यह हमारे साझा इतिहास को खोजने के बारे में है। कलाकार के रूप में हम हमेशा ऐसी कहानी की ओर आकर्षित होते हैं, जो चर्चा छेड़ दें। द ताज स्टोरी उसी तरह की फिल्म है। यह एक ऐसी फिल्म है, जो मैंने हमेशा अपने काम से पेश करने की कोशिश की है। मुझे उम्मीद है कि दर्शक इस फिल्म को खुले दिमाग से देखेंगे, क्योंकि कभी-कभी सिनेमा का मतलब उत्तर देना नहीं, बल्कि अपने पीछे सवाल छोड़ जाना होता है।

