नरसिंहपुर : पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल अंतर्गत सालीचौका रेलवे फाटक 251 स्पेशल पर सोमवार को मूंग से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच फंस गई। बताया गया कि फाटक से गुजरते समय ट्रॉली का हिच अचानक टूट गया, जिससे वह ट्रैक पर अटक गई और रेल यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही रेलवे अमला तत्काल मौके पर पहुंचा और जेसीबी की मदद से ट्रॉली को ट्रैक से हटाने का प्रयास शुरू किया। समय रहते ट्रॉली को हटाए जाने से संभावित बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, घटना के चलते अप और डाउन दोनों दिशाओं में रेल यातायात करीब एक घंटे तक प्रभावित रहा तथा अमरकंटक एक्सप्रेस, पवन एक्सप्रेस और दानापुर एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को रोकना पड़ा।
वाहनों को होती है परेशानी
स्थानीय लोगों के मुताबिक रेलवे फाटक की स्थिति लंबे समय से खराब है और फाटक के बीच जगह-जगह बड़े गड्ढे होने के कारण भारी वाहनों को आवागमन में परेशानी होती है। इसी दौरान ट्रॉली का हिच टूटने से वह ट्रैक पर फंस गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने रेलवे फाटक की जर्जर स्थिति को लेकर नाराजगी जताते हुए तत्काल मरम्मत कराने और गड्ढों को दुरुस्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते ट्रॉली हट जाने से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन यदि यह घटना व्यस्त रेल परिचालन के दौरान अधिक समय तक बनी रहती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
