नयी दिल्ली, 09 मार्च (वार्ता) अभिनेता अजय देवगन सुपरनेचुरल थ्रिलर फिल्म ‘शैतान’ के दो साल पूरे होने पर इस उपलब्धि का जश्न हास्य के तड़के के साथ मना रहे हैं। अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर सह-कलाकार आर माधवन के साथ चुहल से भरा वीडियो साझा किया है। इसमें उन्होंने फिल्म की खौफनाक कहानी का जिक्र किया। उन्होंने चुटीले अंदाज में कैप्शन में लिखा है, “शैतान और उसके लड्डू पीछा ही नहीं छोड़ रहे हैं मेरा। शैतान के दो साल पूरा होने पर।”
अपनी सम्मोहक सुपरनेचुरल कहानी के लिए बड़े पैमाने पर सराही गयी इस फिल्म ने अजय देवगन और आर माधवन के बीच अनूठे सहयोग को दर्शाया था। मनोवैज्ञानिक प्रपंच और काले जादू के विषयों पर आधारित उनकी ऑन-स्क्रीन प्रतिद्वंद्विता फिल्म के सबसे बड़े आकर्षणों में से एक बनी थी। प्रशंसित गुजराती फिल्म ‘वश’ की हिंदी रीमेक के रूप में निर्देशित ‘शैतान’ मनोवैज्ञानिक हॉरर और पारिवारिक ड्रामे का मिश्रण है। जियो स्टूडियोज, अजय देवगन एफफिल्म्स और पैनोरमा स्टूडियोज इंटरनेशनल की प्रस्तुति का निर्माण अजय देवगन, ज्योति देशपांडे, कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक ने किया था। फिल्म का संगीत देवी श्री प्रसाद ने दिया था। अजय देवगन के साथ इस फिल्म में ज्योतिका, जानकी बोड़ीवाला और आर माधवन भी प्रमुख भूमिकाओं में थे।
फिल्म की कहानी एक परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो छुट्टी मनाने के लिए फार्महाउस गये हैं। उनकी शांतिपूर्ण छुट्टियां, तब आतंक में बदल जाती है, जब एक रहस्यमयी अजनबी वहां पहुंचता है और काले जादू के जरिये उनकी बेटी (जानकी बोड़ीवाला) को अपने वश में कर लेता है, जिससे वह अपने ही माता-पिता (अजय देवगन और ज्योतिका) के खिलाफ होने के लिए मजबूर हो जाती है। यह फिल्म 08 मार्च, 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। आने वाले दिनों में अजय देवगन इंद्र कुमार निर्देशित ‘धमाल 4’ में नजर आयेंगे। इस फिल्म में रितेश देशमुख, अरशद वारसी, संजय मिश्रा, जावेद जाफरी, ईशा गुप्ता, संजीदा शेख, अंजलि आनंद, उपेंद्र लिमये, विजय पाटकर और रवि किशन जैसे कलाकारों की लंबी सूची है। ‘धमाल 4’ उस लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाती है, जिसकी शुरुआत इंद्र कुमार निर्देशित और अशोक ठाकरिया निर्मित फिल्म ‘धमाल’ से हुई थी। वर्ष 2007 में आयी मूल फिल्म दर्शकों के बीच कल्ट कॉमेडी बन गयी थी।

