बीजिंग, 13 नवंबर (वार्ता) शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने बहुपक्षीय व्यापार और आर्थिक सहयोग कार्यक्रम के कार्यान्वयन के लिये वर्ष 2026 से 2030 की कार्ययोजना पर सहमति व्यक्त की है ।एससीओ सचिवालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
बयान में कहा गया है, “10 से 12 नवंबर को रूसी अध्यक्षता में शंघाई सहयोग संगठन के सदस्य देशों के बहुपक्षीय व्यापार और आर्थिक सहयोग कार्यक्रम के कार्यान्वयन के लिये 2026-2030 की कार्ययोजना के मसौदे पर सहमति बनाने को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विशेषज्ञ समूह की एक बैठक आयोजित की गयी।”
बयान में आगे कहा गया है कि इस कार्यक्रम के दौरान प्रतिनिधियों ने योजना के पाठ पर सहमति व्यक्त की, जिसे 18 नवंबर को एससीओ सदस्य देशों के शासनाध्यक्षों की परिषद की होने वाली बैठक के बाद हस्ताक्षर के लिए प्रस्तावित दस्तावेजों की सूची में शामिल किया गया है।
गौरतलब है कि जुलाई में रूसी विदेश मंत्रालय ने घोषणा की थी कि एससीओ सदस्य देशों के शासनाध्यक्षों की परिषद की बैठक 17 से 18 नवंबर को मास्को में रूस की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी।
शंघाई सहयोग संगठन 2001 में स्थापित एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है। इसमें भारत, ईरान, कज़ाकिस्तान, चीन, किर्गिस्तान, रूस, ताजिकिस्तान, पाकिस्तान और उज़्बेकिस्तान शामिल हैं। बेलारूस पिछले वर्ष चार जुलाई को अस्ताना शिखर सम्मेलन में आधिकारिक रूप से इस संगठन में शामिल हुआ।
इसके पर्यवेक्षक देश अफ़ग़ानिस्तान और मंगोलिया हैं और संवाद सहयोगी देश अज़रबैजान, आर्मेनिया, बहरीन, मिस्र, कंबोडिया, कतर, कुवैत, मालदीव, म्यांमार, नेपाल, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, तुर्की और श्रीलंका हैं।

