ढाका, 22 अगस्त (वार्ता) बांग्लादेश इस समय डेंगू की चपेट में है। गुरुवार को एक दिन में पांच मौते हुईं, जो इस साल एक दिन में डेंगू से मरने वालों की सबसे अधिक संख्या हैं। गुरुवार को पांच मौतों के साथ डेंगू से मरने वाले कुल मौतों की संख्या 110 हो गई। जून-सितंबर मानसून अवधि बांग्लादेश में डेंगू बुखार का मौसम है।
बांग्लादेश के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) के आंकड़ों के अनुसार गुरुवार सुबह 8 बजे तक पिछले 24 घंटों में 311 नए संक्रमण के मामले सामने आए, जिससे इस साल मच्छर जनित बीमारी के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 27,782 हो गई।
बांग्लादेश में 2024 में 1,00,000 से ज़्यादा मामले और 575 मौतें दर्ज की गईं।
दक्षिण एशियाई देश में 2023 में डेंगू से संबंधित 1,705 मौतें दर्ज की गईं, जो अब तक की सबसे ज़्यादा वार्षिक मृत्यु दर है।
डेंगू बुखार एक वायरल बीमारी है जो संक्रमित एडीज़ मच्छरों के काटने से फैलती है। यह बीमारी एक गंभीर बीमारी का कारण बनती है। जिसके लक्षण सिरदर्द, तेज़ बुखार, थकावट, मांसपेशियों और जोड़ों में तेज़ दर्द, ग्रंथियों में सूजन, उल्टी और चकत्ते जैसे होते हैं।
