अमेरिकी मवेशियों में ‘स्क्रूवर्म’ मिलने के बाद कनाडा ने टेक्सास के मवेशियों पर लगाया प्रतिबंध

ओटावा/वॉशिंगटन, 07 जून (वार्ता) कनाडा की खाद्य निरीक्षण एजेंसी ने बछड़ों में मांस खाने वाले ‘स्क्रूवर्म’ (एक प्रकार का परजीवी) मिलने के बाद अमेरिकी राज्य टेक्सास से आने वाले मवेशियों पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है।

अमेरिकी राज्य टेक्सास के ला प्रियोर शहर और जवाला काउंटी में बछड़ों के भीतर ये स्क्रूवर्म मिला है। इसके मद्देनजर टेक्सास में भी आपदा घोषित कर दिया गया है।

एजेंसी की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि कनाडा की सीमा पार करने से पहले 21 दिनों के भीतर जो भी गाय और घोड़े टेक्सास में रहे होंगे, उन्हें देश में प्रवेश नहीं दिया जायेगा।

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, यह घोषणा अमेरिकी कृषि विभाग (यूएसडीए) के उस बयान के बाद आयी है, जिसमें कहा गया था कि अमेरिका के सबसे बड़े गोमांस और मवेशी उत्पादक राज्य टेक्सास में दो अलग-अलग बछड़ों में यह परजीवी पाया गया है।

टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने इस प्रकोप से पैदा हुए ‘आसन्न खतरे’ के मद्देनजर शुक्रवार को आपदा की घोषणा कर दी।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, “ग्रीष्मकालीन सत्र के दौरान इसके और फैलने की आशंका है।

‘न्यू वर्ल्ड स्क्रूवर्म’ एक परजीवी मक्खी है, जिसकी मादा जीवित गर्म खून वाले जानवरों और इंसानों के खुले घावों व श्लेष्मा झिल्ली में अंडे देती है। जब इन अंडों से लार्वा निकलते हैं, तो सैकड़ों की संख्या में ये नुकीले मुंह वाले लार्वा मांस को कुतरते हुए भीतर तक रास्ता बना लेते हैं। यदि समय पर इसका इलाज न किया जाए, तो अंततः संक्रमित जीव की मौत हो जाती है।

बुधवार को अमेरिकी अधिकारियों ने घोषणा की थी कि टेक्सास में 60 वर्षों में पहला ऐसा मामला तीन सप्ताह के एक बछड़े में मिला है, जिसके नाभि क्षेत्र में यह लार्वा पाया गया। यह मामला ला प्रियोर शहर में सामने आया था।

इसके बाद शुक्रवार को पहले मामले से लगभग 9 किलोमीटर दूर जवाला काउंटी में एक महीने के बछड़े में दूसरा मामला सामने आया। यूएसडीए ने कहा कि इसका पता तब चला, जब अधिकारी ‘कई संदिग्ध मामलों’ की जांच कर रहे थे।

 

 

Next Post

दक्षिण कोरिया: चुनाव में धांधली के आरोपों के बीच दोबारा मतदान की मांग, सड़कों पर उतरे हजारों प्रदर्शनकारी

Sun Jun 7 , 2026
दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में स्थानीय चुनावों में धांधली के आरोपों को लेकर भारी विरोध प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारी और विपक्षी दल दोबारा चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं। दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में पिछले सप्ताह हुए स्थानीय चुनावों में कथित धांधली के दावों ने देश की […]

You May Like