इंदौर:वाहन चोरी के मामलों पर कार्रवाई करते हुए तुकोगंज पुलिस ने एक नाबालिग वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 6 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं. आरोपी लॉक तोड़कर डायरेक्ट वायरिंग से गाड़ियां चुराता था और शहर के कई थाना क्षेत्रों में वारदात कबूल की है.शहर में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी दौरान तुकोगंज थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वाहन चोरी का फरार नाबालिग आरोपी कंचन बाग क्षेत्र में मौजूद है. सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदेही को पकड़ा.
पूछताछ में उसने वाहन चोरी की वारदातें स्वीकार कर लीं. आरोपी ने बताया कि वह सूने स्थानों और पार्किंग में खड़े वाहनों के लॉक तोड़कर डायरेक्ट वायर कनेक्शन से उन्हें चोरी करता था. आरोपी ने तुकोगंज, सांवेर, परदेशीपुरा, एमआईजी और आजादनगर थाना क्षेत्रों से वाहन चोरी करना कबूल किया है. उसकी निशानदेही पर जंजीर वाला चौराहा स्थित एक स्कूल ग्राउंड से 6 दोपहिया वाहन बरामद किए, जिनकी कीमत करीब 6 लाख रुपए बताई जा रही है.
इससे पहले इसी गैंग के चार अन्य साथियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, जिनसे 12 वाहन जब्त किए थे. एडीसीपी रामस्नेही मिश्रा ने बताया कि बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों की जानकारी जुटाई जा रही है और आरोपी से आगे पूछताछ जारी है, कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र चौहान सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही.
