नयी दिल्ली, 23 दिसम्बर (वार्ता) ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा और उनकी पत्नी हिमानी मोर ने मंगलवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने उनके आवास पर हुई इस मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में फोटो साझा करते हुए यह जानकारी दी। श्री मोदी ने कहा , ” आज सुबह 7 लोक कल्याण मार्ग पर नीरज चोपड़ा और उनकी पत्नी हिमानी मोर से मुलाकात हुई। हमने खेलों के साथ-साथ विभिन्न विषयों पर बातचीत की। ” उल्लेखनीय है कि इस वर्ष के शुरू में श्री मोदी ने फिटनेस को बढावा देने के नीरज चोपड़ा के प्रयासों की सोशल मीडिया पर काफी सराहना की थी। फिट इंडिया योजना के महत्व पर नीरज चोपड़ा के लेख पर प्रतिक्रिया करते हुए श्री मोदी ने कहा था कि यह दूरदर्शी और प्रेरक लेख मोटापे से लड़ने और स्वस्थ रहने की जरूरत पर बल देता है। नीरज चोपड़ा ट्रैक और फील्ड एथलीट प्रतिस्पर्धा में भाला फेंकने वाले खिलाड़ी हैं। नीरज ने 87.58 मीटर भाला फेंककर टोक्यो ओलंपिक 2020 में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचा है। अभिनव बिंद्रा के बाद किसी विश्व चैम्पियनशिप स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने वाले वह दूसरे भारतीय हैं। हालांकि नीरज चोपड़ा के लिए साल 2025 काफी उतार-चढाव वाला रहा। उन्होंने दोहा में खेले गए डायमंड लीग में भाला फेंक में 90 मीटर की दूरी हासिल की थी. हालांकि, इसी साल टोक्यो में वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फाइनल में वो मेडल जीतने में नाकाम रहे थे।
