पटना, 21 अगस्त (वार्ता) लोकसभा में विरोधी दल के नेता राहुल गांधी ने आज बिहार के मुंगेर जिले के हेमजापुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और चुनाव आयोग पर धांधली के गंभीर आरोप लगाते हुये कहा कि वोट चोरों को बिहार बर्दाश्त नहीं करेगा।
“मतदाता अधिकार यात्रा” के दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने कहा कि बिहार में अब वोट चोरी नहीं होने दी जायेगी और इस बार जनता का मूड और नतीजा एक सा होगा।
उन्होंने सभा की शुरुआत करते हुये उत्साह के साथ पूछा, नमस्कार, आपका मूड कैसा है आज? इसपर जनसभा से जोरदार जवाब मिला, अच्छा है। फिर उन्होंने दुहराया, मुंगेर का मूड कैसा है? जवाब आया, अच्छा है।
इसके बाद राहुल गांधी ने अपने संबोधन में भाजपा और आयोग पर गंभीर आरोप लगाये और कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में पहली बार स्पष्ट सबूत मिला कि बीजेपी और चुनाव आयोग मिलकर चुनाव में हेरफेर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा में उनका गठबंधन जीतता है, लेकिन कुछ ही महीनों बाद विधानसभा में बीजेपी गठबंधन जीत जाता है। अंतर सिर्फ इतना था कि लगभग एक करोड़ नये मतदाताओं ने विधानसभा में वोट डाला, जिन्होंने लोकसभा में वोट नहीं दिया था, और ये सभी भाजपा की ओर गये।
उन्होंने कहा कि कर्नाटक की बेंगलुरु सेंट्रल सीट पर एक लाख फर्जी वोट डाले गये। हमने मुख्य निर्वाचन आयुक्त से पूछा कि ये एक लाख लोग कहां से आये, लेकिन उधर से कोई जवाब नहीं मिला। जब हमने विडियोग्राफी मांगी, तो कानून ही बदल दिया गया।
बिहार विधानसभा में विरोधी दल के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव की मौजूदगी में राहुल गांधी ने जोर देकर कहा कि पिछले चुनाव में भी भाजपा और चुनाव आयोग ने मिलकर चोरी की थी। उन्होंने कहा कि अब हमें सबूत मिल गया है और बिहार में इस बार हम इन्हें वोट चोरी नहीं करने देंगे।
जनसभा में राहुल गांधी ने कहा कि यह आवाज सुनामी बनकर फैलेगी और हर प्रदेश में जायेगी। अब पूरे देश को नरेंद्र मोदी की सच्चाई पता चल जायेगा।
