
भोपाल। राष्ट्रीय महिला आयोग की एक तीन सदस्यीय टीम रविवार को भोपाल पहुंची, जहां वह एक निजी कॉलेज की छात्राओं को कथित तौर पर “लव जिहाद” में फंसाने के मामले की जांच करेगी। झारखंड की पूर्व डीजीपी निर्मल कौर के नेतृत्व में यह टीम पुलिस अधिकारियों से मामले की मौजूदा स्थिति की जानकारी लेगी और पीड़ित छात्राओं से मुलाकात कर उनके बयान दर्ज करेगी। टीम में जबलपुर हाई कोर्ट की अधिवक्ता निर्मला नायक और आयोग के अवसर सचिव आशतोष पांडे भी शामिल हैं।
शनिवार को टीम ने पुलिस अधिकारियों से प्रारंभिक जानकारी हासिल की और रविवार भी उनसे विस्तृत चर्चा कर सकती है। आयोग की टीम न केवल पीड़ित छात्राओं से मिलकर उनका पक्ष जानेगी, बल्कि पुलिस द्वारा अब तक की गई जांच और कार्रवाई पर भी सवाल उठाएगी। आयोग इस बात की भी समीक्षा करेगा कि जांच निष्पक्ष तरीके से हो रही है और पीड़िताओं को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की जा रही है। इस जांच के आधार पर आयोग अपनी रिपोर्ट तैयार करेगा.
पुलिस पूछताछ में आरोपियों द्वारा किए गए खुलासों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। आरोपी नबील ने पुलिस को बताया कि छात्राओं को गलत इरादे से कमरों पर बुलाया जाता था और आरोपियों ने शहर के आसपास अपने ठिकाने बना रखे थे। पुलिस अब शहर के आसपास के अन्य जिलों में भी इस गिरोह के नेटवर्क की संभावनाओं की जांच कर रही है। इसके अतिरिक्त, पुलिस ने एक आरोपी अली के पास से एप्पल मैकबुक और आईफोन जैसे महंगे गैजेट्स बरामद किए हैं, जिनके बारे में वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि ये महंगे सामान कहां से आए।
