सतना:कमिश्नर रीवा संभाग बीएस जामोद ने बुधवार को मैहर जिले के प्रवास के दौरान मत्स्य बीज प्रक्षेत्र पोडी, मैहर और सिविल अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान कमिश्नर ने मत्स्य बीज उत्पादन की जानकारी ली और स्पान, फ्राई मत्स्य बीज वितरण के शत-प्रतिशत लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कलेक्टर मैहर रानी बाटड, अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, एसडीएम दिव्या पटेल, तहसीलदार जितेन्द्र पटेल, सहायक संचालक मत्स्य उद्योग प्रक्षेत्र पोडी सुरंजन सिंह, सहायक संचालक मत्स्य अंजना सिंह भी उपस्थित रहे।
कमिश्नर रीवा बीएस जामोद ने एशिया के सबसे बड़े मत्स्य प्रक्षेत्र मैहर जिले के पोडी मत्स्य प्रक्षेत्र का निरीक्षण कर बंगला बांध, एक्यूबेशन पूल, पैकिंग स्थल का अवलोकन किया। उन्होंने हैचरी में मत्स्य बीज उत्पादन की प्रक्रिया, मत्स्य बीज पैकिंग की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली। मत्स्य बीज प्रक्षेत्र के सहायक संचालक सुरंजन सिंह ने बताया कि इस वर्ष मत्स्य बीज उत्पादन के लक्ष्य 42 करोड़ के विरुद्ध 32 करोड़ मत्स्य बीज वितरण की पूर्ति कर ली गई है। इसी प्रकार स्पान, फ्राई वितरण के लक्ष्य 225 लाख फ्राई के विरुद्ध 66 लाख मत्स्य बीज स्पान, फ्राई का वितरण कर लिया गया है। इस माह के अंत तक शेष लक्ष्य भी पूरा कर लिया जाएगा।
मैहर जिले के प्रवास के दौरान कमिश्नर रीवा बीएस जामोद ने बुधवार को सिविल अस्पताल मैहर का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी रजिस्ट्रेशन कक्ष सहित अस्पताल भवन और वार्डों के निरीक्षण के दौरान मरीजों से बातचीत कर उपचार सेवाओं और दी जा रही सुविधाओं का फीडबैक लिया। कमिश्नर ने ओपीडी में निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर अनुपस्थित मिले डॉक्टरों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने मैहर जिले के लिए स्वीकृत जिला अस्पताल भवन निर्माण के लिए प्रस्तावित स्थल का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एल के तिवारी और प्रभारी सिविल हॉस्पिटल आरएन पाण्डेय भी उपस्थित रहे।
