रायगढ़, 19 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ, जिला रायगढ़ इकाई की अनिश्चितकालीन हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। नियमितीकरण, स्थायीकरण और अनुकंपा नियुक्ति सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारियों ने प्रदर्शन तेज कर दिया है।
हड़ताल के दूसरे दिन कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के मुखौटे पहनकर अनोखे अंदाज में सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। ‘हमारी भूल – कमल का फूल’ जैसे नारों के साथ कर्मचारियों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। इसके बाद कर्मचारियों ने सरकार को सद्बुद्धि आने की प्रार्थना करते हुए सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन किया और हवन कर मांगों पर सकारात्मक निर्णय की कामना की।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्षों से संविदा पर कार्य कर रहे हजारों एनएचएम कर्मचारी अस्थिर भविष्य के साथ काम करने को मजबूर हैं। बार-बार आग्रह के बावजूद सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द ही मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन और अधिक उग्र किया जाएगा।
इस प्रदर्शन में जिलेभर से सैकड़ों कर्मचारी शामिल हुए, जिन्हें प्रदेशभर के एनएचएम कर्मचारियों का समर्थन मिल रहा है। संघ का कहना है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन अनवरत जारी रहेगा।
