नयी दिल्ली, 19 अगस्त (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि अब ‘दिल्ली मित्र ऐप- जन शिकायत समाधान’ प्रणाली के जरिए लोगों की सभी शिकायतों का निवारण किया जाएगा।
श्रीमती गुप्ता ने आज कहा कि सरकार का यह निर्णय शासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध सेवा सुनिश्चित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। इस ऐप से दिल्ली सरकार, दिल्ली पुलिस, नगर निगम समेत सभी विभागों से जुड़ी शिकायतों का निपटारा किया जाएगा। शिकायतों का हर हाल में समाधान करने के लिए व्यवस्था को बेहद मजबूत बनाया गया है और निगरानी की ठोस व्यवस्था की गई है। दिल्ली सरकार की कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया गया।
उन्होंने कहा, “दिल्ली सरकार की प्राथमिकता नागरिकों की समस्याओं को सरल, सहज और त्वरित हल करना है। हमारी सरकार अब कागजी कार्रवाई के बजाय समस्या का असल मायनों में समाधान करना चाहती है। शिकायतों के समाधान को डिजिटल करने का लाभ यह होगा कि उसकी हर स्तर पर निगरानी होगी और जब तक उसका समाधान नहीं हो जाएगा, तब तक वरिष्ठ अधिकारी उस पर निगाह रखेंगे। इसी उद्देश्य से ‘दिल्ली मित्र’ नामक एकीकृत मंच तैयार किया गया है, जो न्यूनतम सरकार, अधिकतम शासन और गुड गवर्नेंस की भावना को मूर्त रूप देगा।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली के लोग अब इस ऑनलाइन सिंगल विंडो के जरिए चार आसान माध्यमों से अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे, इनमें वेब पोर्टल, मोबाइल एप्लिकेशन , व्हाट्सएप और कॉल सेंटर शामिल हैं। लोग दिल्ली सरकार, दिल्ली पुलिस, डीडीए, दिल्ली नगर निगम, एनडीएमसी, दिल्ली कैंट से जुड़ी शिकायतें यहां दर्ज करा सकेंगे। उन्होंने बताया जो लोग कागज पर लिखी शिकायतें देंगे, उन्हें डिजिटलाइज कर इस ऐप में डाल दिया जाएगा। इन शिकायतों को मुख्यमंत्री कार्यालय, सभी केबिनेट मंत्रियों, विधायकों, मुख्य सचिव व सभी विभागों के कार्यालयों में जमा किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह व्यवस्था केवल प्रशासनिक दक्षता नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन को आसान बनाने का भी माध्यम है। ‘ईज ऑफ लिविंग’ को प्रोत्साहित करना हमारी सरकार का संकल्प है और ‘दिल्ली मित्र’ ऐप इसी दिशा में एक बड़ा कदम है। यह प्रणाली आगामी दो माह के भीतर लागू कर दी जाएगी।
