
भोपाल। मप्र में विमानन सुविधाओं को विस्तार देकर मजबूत बनाने की बड़ी योजना पर काम शुरू हो गया है। विमानन विभाग ने भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन के कलेक्टरों को पत्र लिखकर निर्देश दिए हैं कि वीवीआईपी मूवमेंट वाले इन शहरों की चारों दिशाओं में हेलीपैड निर्माण के प्रस्ताव 15 दिन में भेजे जाएं। वहीं जिन 28 जिलों में अब तक हवाई पट्टियां नहीं हैं, वहां नई एयरस्ट्रिप बनाने और जहां पहले से एयरस्ट्रिप मौजूद है, वहां उन्हें विस्तारित करने की तैयारी है। कलेक्टरों से कहा गया है कि जमीन चयन में सरकारी जमीन को प्राथमिकता दी जाए ताकि निजी भूमि अधिग्रहण की जटिलताओं से बचा जा सके।
