निर्माणाधीन दीवार गिरने से तीन मजदूरों की मौत, एक घायल

इंदौर. बिजलपुर-राऊ क्षेत्र में सोमवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया. शिव सिटी कॉलोनी में पानी की टंकी का निर्माण कार्य चल रहा था, इसी दौरान निर्माणाधीन दीवार भारी बारिश के कारण ढह गई. मलबे में दबकर तीन मजदूरों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. मामले में पुलिस जांच कर रही है.

घटना दोपहर करीब 12.30 बजे जेसीबी चालक ने सबसे पहले दीवार गिरने की घटना देखी और तत्काल ठेकेदार को सूचना दी. सूचना मिलते ही राजेंद्र नगर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. मलबे से मजदूरों को बाहर निकाला गया, लेकिन तीन की मौत हो चुकी थी. शवों को जिला अस्पताल भेजा गया, वहीं घायल को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मृतकों की पहचान गौतम राठौर उम्र 25 साल, रामेश्वर उम्र 55 और टीटू उम्र 20 के रूप में हुई है. घायल युवक सोहन उम्र 18 उपचाररत है. चौकीदार और प्रत्यक्षदर्शी रंजीत राठौर ने पुलिस को बताया कि सभी मजदूर इंदौर के ही रहने वाले हैं और हादसे के समय टंकी के अंदर काम कर रहे थे. मामले में डीसीपी विनोद मीना का कहना है कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. मृतक गौतम के परिवार में पिता, एक छोटा भाई और दो बहनें हैं. गौतम के पिता भी निर्माण कार्य से जुड़े हैं. वहीं, रामेश्वर का परिवार बेहद बिखरा हुआ है पत्नी उसे छोड़ चुकी है, बेटी पत्नी के साथ रहती है जबकि बेटा उसके साथ था. तीसरे मृतक टीटू और घायल सोहन भी उसी क्षेत्र के निवासी हैं. हादसे में घायल सोहन के पिता मजदूर महादेव नायक ने बताया कि सोमवार को टंकी में टाइल्स लगाने का काम होना था, लेकिन उससे पहले ही दीवार भरभराकर गिर गई और यह दुर्घटना हो गई.

Next Post

घर के बाहर खेल रहा 7 वर्षीय मासूम लापता, पुलिस कर रही तलाश

Mon Aug 18 , 2025
मुरैना। माता बसैया थाना इलाके के ग्राम रसीलपुर में 7 वर्षीय बालक राज अचानक लापता हो गया। परिजनों ने बताया कि वह मानसिक रूप से कमजोर है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। परिजनों ने बताया कि राज अपनी दादी के साथ घर के बाहर खेल रहा था। दादी नल […]

You May Like