सीधी: मिनी स्मार्ट सिटी योजना के तहत लगाए गए हाई मास्ट स्ट्रीट लाइटों की मेंटीनेंस में भारी लापरवाही सामने आई है। सीधी-सिंगरौली मुख्य मार्ग पर सिंचाई विभाग से लेकर अमर प्रेम पैलेस तक की स्ट्रीट लाइटें करीब छह महीने से बंद पड़ी हैं। स्थानीय लोगों की कई शिकायतों के बावजूद इनकी मरम्मत नहीं की गई। अंधेरे के कारण इस मार्ग पर सड़क हादसे लगातार बढ़ रहे हैं, विशेषकर मवेशियों के अचानक सामने आ जाने से वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।
व्यवसायी प्रिंस गुप्ता ने बताया कि लाइटें बंद होने के चलते चोरी की वारदातें भी बढ़ गई हैं। उनकी दुकान सहित कई दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की जा चुकी है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि करोड़ों की लागत से लगी हाई मास्ट लाइटें केवल शो-पीस बनकर रह गई हैं। शाम ढलते ही पूरा मार्ग अंधेरे में डूब जाता है और सिर्फ वाहनों की हेडलाइटें ही रोशनी देती हैं। नागरिकों ने जल्द मेंटीनेंस कर लाइटें चालू कराने की मांग की है ताकि सुरक्षा बहाल हो सके।
इनका कहना है
नगर पालिका परिषद सीधी क्षेत्र के प्रमुख मार्गों में मिनी स्मार्ट सिटी से स्ट्रीट लाइट लगाई गई थी। निविदा शर्तों के अनुसार स्ट्रीट लाइट के मेंटीनेंस की जिम्मेदारी संविदाकार प्रणवीर सिंह रीवा की है। स्ट्रीट लाइट के बंद होने की सूचना एवं शिकायत मिलने पर पत्राचार एवं मौखिक रूप से संविदाकार को सूचित किया जाता है। जहां तक सिंचाई विभाग से अमर प्रेम पैलेस तक बंद स्ट्रीट लाइट के सुधार हेतु भी पत्राचार किया जायेगा।
बी.के.तिवारी, उपयंत्री नपा सीधी
