डेढ़ वर्ष के दौरान 3756 पदों पर भर्ती

भोपाल, 25 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग ने राज्य में डेढ़ वर्ष की अवधि के दौरान 3 हजार 756 पदों पर भर्ती की है।

आयोग की ओर से आज मुहैया करायी गयी जानकारी के अनुसार दिसंबर 2023 से अब तक जारी 75 विज्ञापनों में शामिल 4 हजार 492 पदों के लिये 3 हजार 756 उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए संबंधित विभागों को अनुशंसा पत्र भेजे गये हैं। अब आने वाले महीनों में 5 हजार 562 पद भरे जाएंगे। वर्तमान में 5 हजार 317 पदों के लिए 61 भर्ती प्रक्रियाएं जारी हैं।

उपरोक्त अवधि में 3 राज्य सेवा परीक्षा – 2019, 2021, 2022 के लिए 1,109 पदों और 3 राज्य वन सेवा परीक्षा के लिए 200 पदों के लिए अंतिम चयन परिणाम घोषित किए गए। संबंधित विभागों को अनुशंसाएं शीघ्र भेजी गईं, जिससे चयनित अभ्यर्थियों को विभिन्न विभागों में शीघ्र कार्यभार ग्रहण कराने में सुविधा हुई।

राज्य सेवा परीक्षा के माध्यम से सामान्य प्रशासन एवं गृह विभाग को क्रमश: 72 डिप्टी कलेक्टर और 51 उप पुलिस अधीक्षक के पदों के लिए संस्तुतियां भेजी गईं। इसके अतिरिक्त इस परीक्षा के माध्यम से सहायक संचालक स्कूल शिक्षा विभाग के 132 पदों तथा राज्य वित्त सेवा के 22 पदों के लिए भी स्कूल शिक्षा एवं वित्त विभाग को संस्तुतियां की गईं।

राज्य वन सेवा परीक्षा के अंतर्गत सहायक वन संरक्षक के 19 तथा वन क्षेत्रपाल एवं परियोजना क्षेत्र अधिकारी के 181 पदों के लिए वन विभाग को अनुशंसा पत्र भेजे गए। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में रेडियोलॉजी विशेषज्ञ के 7 पदों के लिए अनुशंसा भेजी गई। आयुष विभाग के लिए 17 विषयों में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी के 543 तथा आयुष व्याख्याता के 71 पदों के लिए विभाग को अनुशंसा की गई।

Next Post

संविधान की धज्जियां उड़ाकर आपातकाल लगाने वाले अब संविधान की दुहायी दे रहे हैं

Wed Jun 25 , 2025
मुरैना, 25 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मंत्री लोकेंद्र पाराशर ने आज कहा कि संविधान की धज्जियां उड़ाकर देश में पचास साल पहले आपातकाल लगाने वाले दल से जुड़े नेता ही आज संविधान की प्रतियां हाथ में लेकर इसकी दुहायी दे रहे हैं। देश में आपातकाल लगने […]

You May Like