ढाका, 18 अगस्त (वार्ता) बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के वरिष्ठ संयुक्त सचिव जनरल रूहुल कबीर रिज़वी ने सोमवार को कहा कि प्रतिबंधित अवामी लीग द्वारा नियुक्त कार्यकर्ताओं के शासन में बने रहने के कारण देश में निष्पक्ष चुनाव नहीं हो सकते।
बिज़नेस स्टैंडर्ड की रिपोर्ट के अनुसार श्री रिजवी ने आज यहां ढाका जिले के शेर-ए-बांग्ला में बीएनपी के संस्थापक एवं पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद यह बात कही।
श्री रिजवी ने पिछली सरकार द्वारा नियुक्त सिविल सेवा अधिकारियों का हवाला देते हुए कहा “अवामी युग के प्रशासन में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं है। अवामी लीग समर्थित कार्यकर्ताओं को प्रशासन से हटाया जाना चाहिए और क्षेत्रीय स्तर पर तटस्थ अधिकारियों की नियुक्ति की जानी चाहिए।”
इस बीच चुनावी प्रणाली में आनुपातिक प्रतिनिधित्व (पीआर) के विचार को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि लोग ऐसी प्रणाली के लिए तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा “पीआर बंगलादेश के लिए उपयुक्त नहीं है और जो लोग इसकी वकालत करते हैं, उनके इरादे संदिग्ध हैं।”

