यूक्रेन संघर्ष के वास्तविक समाधान की दिशा में ट्रम्प कर रहे हैं प्रयास: दिमित्रिव

माॅस्को, 18 अगस्त (वार्ता) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के दूत किरिल दिमित्रिव ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा है कि वह यूक्रेन संघर्ष के वास्तविक समाधान की दिशा में प्रयास कर रहे हैं।

रूसी प्रत्यक्ष निवेश कोष एक्स के सीईओ किरिल दिमित्रिव ने श्री ट्रम्प के सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला देते हुए कहा, ”ट्रम्प और उनकी टीम एक वास्तविक समाधान के लिए प्रयास कर रही है। ” पोस्ट में राष्ट्रपति ने यूरोपीय नेताओं के साथ सोमवार को होने वाली वार्ता को ”एक बड़ा दिन” बताया था।”
श्री दिमित्रिव ने एक अन्य पोस्ट में श्री ट्रम्प द्वारा यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की से नाटो में शामिल होने की उनकी आकांक्षाओं को छोड़ने और संघर्ष की समाप्ति की दिशा में करीब आने के आह्वान का एक स्क्रीनशॉट साझा किया।
उल्लेखनीय है कि श्री पुतिन और श्री ट्रम्प ने शुक्रवार को अलास्का में यूक्रेन में शांति स्थापित करने के लिए दो घंटे से अधिक बातचीत की थी। दोनों नेताओं के साथ उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी था।
रूसी प्रतिनिधिमंडल में विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव, क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव और राष्ट्रपति के सहयोगी यूरी उशाकोव एवं अमेरिकी दल में विदेश मंत्री मार्को रुबियो, व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लैविट और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ शामिल थे।
विशेष दूत विटकॉफ ने बैठक के अंतिम परिणामों को लेकर बहुत आशावादी रुख़ दिखाया था। उन्होंने फॉक्स न्यूज़ को बताया ”इससे पहले राष्ट्रपति पुतिन के साथ मेरी छह अलग-अलग बैठकें हुई थीं, और मुझे लगा था कि हमें कुछ हद तक सफलता मिली है, लेकिन यह तो बहुत शानदार था। हमने अलास्का शिखर सम्मेलन में जो हासिल किया, वह एक स्पष्ट तथ्य है।”
उन्होंने कहा ” इसलिए मुझे लगता है कि हमें इसी पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। मुझे लगता है कि हम यूक्रेन और रूस में युद्ध के बीच संघर्ष को खत्म करने के बहुत करीब हैं।”

Next Post

मुख्यमंत्री ने महाकाल सवारी मार्ग पर बजाया डमरू-झांझ

Mon Aug 18 , 2025
उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को महाकालेश्वर भगवान की परंपरागत सवारी में शामिल होकर श्रद्धाभाव प्रकट किया। इस दौरान उन्होंने सवारी मार्ग पर डमरू और झांझ बजाकर भक्ति माहौल को और अधिक उल्लासमय बना दिया। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से संवाद कर उज्जैन को धार्मिक नगरी के रूप में […]

You May Like