इंदौर: रविवार को वार्ड 72 सहित शहर के विभिन्न वार्डों में मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक, योग शेड, उद्यान, ड्रेनेज और नई सड़कों का लोकार्पण किया गया. यह लोकार्पण कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी और भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया. इस अवसर पर स्थानीय पार्षद योगेश गेंदर, भारत रघुवंशी, मंडल अध्यक्ष घनश्याम शेर सहित भाजपा पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर को केवल स्वच्छ ही नहीं बल्कि स्वस्थ शहर बनाने के लिए प्रत्येक वार्ड में संजीवनी क्लिनिक की स्थापना की जा रही है. अब तक 71 वार्डों में क्लिनिक तैयार हो चुके हैं. उन्होंने बताया कि जहां 6 मॉडल स्कूल बनाने का लक्ष्य था, वहीं नगर निगम ने 12 मॉडल स्कूल बनाकर तैयार कर दिए हैं. महापौर ने कहा पिछले तीन वर्षों में हमने 2050 के इंदौर की आधारशिला रखी है. इंफ्रास्ट्रख्र, ड्रेनेज, सड़कों और पेयजल की व्यवस्था को मजबूत किया गया है. आज मैं महावर नगर बस्ती को आदर्श बस्ती घोषित करता हूं और उषा नगर चौराहे का नाम वीरांगना झलकारी बाई चौराहा करने की घोषणा करता हूं.
इंदौर हर बार नंबर वनः सिलावट
मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि इंदौर की सबसे बड़ी ताकत यहां का प्रेम, स्नेह और विश्वास है. इंदौर जब भी कुछ करता है, अद्भुत करता है. यहां का जुनून और लगन ऐसी है कि आठ बार नहीं, अस्सी बार भी नंबर वन आ सकता है. युवा महापौर ने स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वच्छता के ‘त्रिवेणी संगम’ से इंदौर को नई सोच और दिशा दी है.
टेंपो से मेट्रो तक का सफर भाजपा की देनः मिश्रा
भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि गत 25 वर्षों में भाजपा सरकार ने इंदौर को टेंपो से मेट्रो तक का सफर तय कराया है. उन्होंने कहा कि “गोगा नवमी के दिन संजीवनी क्लिनिक का उद्घाटन दीनदयाल उपाध्याय की उस संकल्पना का प्रमाण है, जिसमें अंतिम व्यक्ति तक सुविधा पहुंचाना ही लक्ष्य है.
केसर बाग ब्रिज का काम जल्दः लालवानी
सांसद शंकर लालवानी ने इस क्षेत्र में अनेक विकास कार्य हुए हैं और अब केसर बाग ब्रिज का काम भी शीघ्र शुरू होगा, इसके लिए भूमिपूजन जल्द किया जाएगा.
