भैरुंदा। क्षेत्र के ग्राम आगरा में अवैध शराब की बिक्री से परेशान महिलाओं ने प्रशासन की शरण ली है. शुक्रवार को बड़ी संख्या में गांव की महिलाओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और अवैध शराब माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. ज्ञापन में महिलाओं ने गांव के ही हरिसिंह कुशवाह नामक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं. महिलाओं का कहना है कि आरोपी द्वारा गांव के आम रास्ते पर अवैध कच्ची और देसी शराब का विक्रय किया जा रहा है. युवा पीढ़ी पर संकट अवैध शराब की सुलभता के कारण गांव के युवा नशे की गर्त में जा रहे हैं. जिससे कई परिवारों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है.महिलाओं का आरोप है कि हरिसिंह को कई बार समझाइश दी गई. लेकिन उसने शराब बेचना बंद करने के बजाय ग्रामीणों की बात को अनसुना कर दिया और चुनौती दी कि वह यह काम बंद नहीं करेगा. महिलाओं ने एसडीएम से गुहार लगाई है कि उक्त व्यक्ति के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए और अवैध शराब के ठिकाने को बंद कराया जाए.
