कोलंबो, 27 फरवरी (वार्ता) आखिरी ओवरों में विल जैक्स (दो विकेट/ नाबाद 32 रन) और रेहान अहमद (दो विकेट/ नाबाद 19) के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत इंग्लैंड ने शुक्रवार टी-20 विश्वकप के सुपर आठ मुकाबले में तीन गेंदे शेष रहते न्यूजीलैंड पर चार विकेट से जीत दर्ज की। इसके अलावा टॉम बैटन (33), कप्तान हैरी ब्रूक (26) और सैम करन (24) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। विल जैक्स ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रहे।
160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने महज दो रन पर अपने दो विकेट गंवा दिये। फिल सॉल्ट (दो) और जॉश बटलर शून्य पर आउट हुये। इसके बाद हैरी ब्रूक और जैकब बेथल की जोड़ी ने पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिय 48 रन जोड़े। आठवें ओवर में ग्लेन फिलिप्स ने हैरी ब्रूक को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। हैरी ब्रूक ने 24 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए 26 रन बनाये। अगले ही ओवर में रचिन रवींद्र ने जैकब बेथल 16 गेंदों में 21 रन का शिकार कर लिया। इसके बाद टॉम बैटन और सैम करन की जोड़ी स्कोर को 100 रन तक ले गयी। 15वें ओवर में रवींद्र ने सैम करन को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। सैम करन ने 22 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए 24 रन बनाये। 17वें ओवर में रवींद्र ने टॉम बैटन का भी शिकार कर लिया। बैटन ने 24 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए 33 रन बनाये। इंग्लैंड ने 19.3 ओवरों में छह विकेट पर 161 रन बनाकर चार विकेट से जीत दर्ज की। विल जैक्स ने 18 गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 32 रन बनाये। वहीं रेहान अहमद ने सात गेंदों मे एक चौका और दो छक्के की मदद से नाबाद 19 रन बनाये। न्यूजीलैंड के लिए रचिन रवींद्र ने तीन विकेट लिये। मैट हेनरी, लॉकी फ़र्ग्युसन और ग्लेन फिलिप्स ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां ग्लेन फिलिप्स (39), टिम साइफर्ट (35) और फिन एलेन (29) की शानदार पारियों की मदद से न्यूजीलैंड ने सात पर 159 रन को स्कोर बनाया। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड को टिम साइफर्ट और फिन एलेन की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 64 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दिलाई। सातवें ओवर में आदिल रशीद ने टिम साइफर्ट को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। टिम साइफर्ट ने 25 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाते हुए 35 रन बनाये। अगले ही ओवर में विल जैक्स ने फिन एलेन 19 गेंदों में 29 रन को आउटकर पवेलियन भेज दिया। एलेन ने अपनी पारी में तीन छक्के लगाये। रचिन रवींद्र (11), मार्क चैपमैन (15), डैरिल मिचेल (तीन) और कौल मकौंची (14) रन बनाकर आउट हुये। ग्लेन फिलिप्स ने 28 गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाते हुए 39 रनों की पारी खेली। उन्हें 18वें ओवर में विल जैक्स ने बोल्ड आउट किया। मिचेल सैंटनर नौ रन बनाकर नाबाद रहे।
इंग्लैंड के लिए आदिल रशीद, विल जैक्स और रेहान अहमद ने दो-दो विकेट लिये। लियाम डॉसन ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
