कानपुर 27 फरवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश के कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर शुक्रवार देर शाम बम विस्फोट की धमकी से अफरातफरी मची रही। जांच एजेंसियों ने सभी प्लेटफार्म की बारीकी से जांच की मगर कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि आज कंट्रोल रूम 112 पर एक अज्ञात कॉलर ने कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर शाम सात बजे ब्लास्ट होने की सूचना दी। सुरक्षा एजेंसियाें ने इस सूचना को गंभीरता से लिया। सूचना मिलते ही पुलिस की संबंधित इकाइयों एवं बीडीएस टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया तथा रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्मों की सघन जांच की गई। निर्धारित शाम सात बजे तक किसी प्रकार की विस्फोटक घटना की पुष्टि नहीं हुई।
उन्होने बताया कि सभी प्लेटफॉर्मों की बारीकी से जांच की गयी। प्रारंभिक जांच में कॉलर का नंबर ट्रेस कर लिया गया है। जानकारी मिली है कि संबंधित व्यक्ति का मोबाइल पूर्व में खो गया था, आशंका है कि किसी अन्य व्यक्ति द्वारा उसके मोबाइल से भ्रामक सूचना दी गई है। सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान एवं आवश्यक कार्यवाही के लिये टीमें सक्रिय हैं। श्री गुप्तान ने कहा कि कुछ महत्वपूर्ण लीड्स प्राप्त हुई हैं, जिन पर कार्यवाही की जा रही है। स्थिति पूर्णतः नियंत्रण में है।
