
भोपाल। मनुआभान टेकरी घूमने गए युवक और उसकी महिला दोस्त को चाकू दिखाकर लूट की वारदात करने वाले पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की गई. कई थानों की पुलिस टीम ने मामले में संयुक्त कार्रवाई की. पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 लाख का सामान बरामद किया है. वारदात में प्रयोग की गई छुरी और एक स्कूटी को भी जब्त किया गया है.
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त जोन-3 आशुतोष गुप्ता के निर्देश पर कोहेफिजा पुलिस ने तुरंत ही घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेज खंगाली. संदिग्धो की तलाश करते हुए उनके निवास स्थान करोंद, शिव शक्ति नगर, नवजीवन नगर से धर दबोचा गया. लूट की वारदात करने वाले आरोपियों संदीप विश्वकर्मा उर्फ खेडा, संदीप उर्फ संसू सोनी, कबीर पाल, दुर्गा कुशवाह और कुलदीप यादव को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से लूट गया करीबन 01 लाख 25 हजार रूपये कीमत का मोबाइल सोने की चेन, कान के टाप्स सोने के और करीब 4 हजार नगदी बरामद हुई.
पुलिस के मुताबिक अशोका गार्डन थाने में फरियादी हर्ष शर्मा (28) ने 10 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई. हर्ष ने पुलिस को बताया कि वह मनुआभान टेकरी अपनी महिला दोस्त के साथ उसी दिन घूमने गया था. शाम को दोनों वहां संचालित रेस्टोरेंट के पीछे टंकी बैच पर बैठे थे. इस दौरान कुछ अज्ञात बदमाश हर्ष के पास पहुंचे. बदमाशों ने हर्ष का फोन छीनने का प्रयास किया. विरोध करने पर एक बदमान ने हर्ष और उसकी महिला दोस्त को को चाकू दिखाकर सामानों की लूट की थी. पुलिस की जांच में सामने आया है कि चार आरोपियों के खिलाफ पूर्व के भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं.
