इंदौर:सुबह मॉर्निंग वॉक और बच्चियों को स्कूल छोड़ने जा रही महिलाओं से छेड़छाड़ करने वाले बदमाश आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए. संयोगितागंज पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर इलाके में जुलूस निकाला और सख्त संदेश दिया.दो दिन पहले पालदा के प्रकाश नगर स्थित शिव मंदिर के पास एक महिला अपनी बच्ची को स्कूल छोड़ने जा रही थी.
तभी बाइक पर सवार तीन युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की और फरार हो गए. महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच शुरू की. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक आरोपी की पहचान हुई, जिसकी लोकेशन भोपाल में मिली.
पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर अरुण प्रजापत पिता रामलाल निवासी कुमार का भट्टा, पालदा को पकड़ा. पूछताछ में उसके साथी पंकज प्रजापत का नाम सामने आया, जिसे भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों का क्षेत्र में जुलूस निकाला और उनसे उठक-बैठक भी करवाई. वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई. दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया.
