जबलपुर: जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पाटन क्षेत्र की जन आस्था के केंद्र भगवान श्री नृत्य गोपाल जी की शोभायात्रा परंपरागत उत्साह के साथ संपन्न हुई। पाटन नगर का कोना-कोना श्रद्धालुओं ने इस तरह सजाया था कि जैसे सारा नगर वृंदावन को साकार कर रहा था, यादव समाज पाटन के द्वारा राधा कृष्ण मंदिर से भगवान की झांकी के साथ शोभायात्रा का प्रारंभ हुआ जो नृत्य गोपाल मंदिर पहुंचकर मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी।
नगर में स्थान स्थान पर श्रद्धालुओं ने मिष्ठान लड्डू विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का वितरण कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। मंदिर न्यास की ओर से सरवराहकार ठाकुर रणधीर सिंह, विमल कुमार जैन, जुगल किशोर अग्रवाल, आचार्य जगेन्द्र सिंह, राघवेन्द्र शुक्ल, राजशेखर त्रिपाठी, आशीष वैद्य ने ने सभी का स्वागत किया, शोभायात्रा में क्षेत्रीय विधायक अजय विश्नोई, पूर्व विधायक नीलेश अवस्थी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य जन उपस्थित थे।
