इस्लामाबाद, (वार्ता) पाकिस्तान के सेनाध्यक्ष फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने देश का राष्ट्रपति पद संभालने की अपनी इच्छा की खबरों को खारिज करते हुए कहा है कि “ईश्वर ने मुझे इस देश का संरक्षक बनाया है” और कहा कि उन्हें किसी अन्य पद की कोई इच्छा नहीं है।” जियो न्यूज़ की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गयी।
ब्रुसेल्स में पत्रकार सोहेल वराइच से बात करते हुए मुनीर ने पाकिस्तान का नेतृत्व संभालने की अपनी इच्छा की अफवाहों को खारिज करते हुए उन्हें “पूरी तरह से झूठा” बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी अफवाहें फैलाने वाले सरकार और सत्ताधारी वर्ग, दोनों के विरोधी हैं।
उन्होंने आगे कहा कि राजनीतिक सुलह केवल सभी संबंधित पक्षों की सच्ची क्षमायाचना से ही संभव है। उन्होंने देश में बिगड़ती सामाजिक-राजनीतिक और आर्थिक स्थिरता के बीच, पाकिस्तान की लोकतांत्रिक संस्थाओं और राजनीतिक स्थिरता को मजबूत करने में एकता और संवाद के महत्व पर प्रकाश डाला।
जुलाई से ही ऐसी अफ़वाहें चल रही हैं कि पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली ज़रदारी को पद छोड़ने के लिए कहा जाएगा और सेना प्रमुख शीर्ष पद संभालेंगे। हालाँकि, प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और गृह मंत्री मोहसिन नक़वी सहित शीर्ष सरकारी अधिकारियों ने इन दावों का खंडन किया है।
प्रधानमंत्री शरीफ़ ने कहा था, “फ़ील्ड मार्शल असीम मुनीर ने कभी राष्ट्रपति बनने की इच्छा नहीं जताई है और न ही ऐसी कोई योजना है।” जबकि नक़वी ने इसे राष्ट्रपति ज़रदारी, प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख को निशाना बनाकर चलाया जा रहा एक “दुर्भावनापूर्ण अभियान” बताया था।
