
जबलपुर। घमापुर थाना अंतर्गत कांचघर क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब पुरानी रंजिश को लेकर दो बदमाशों ने एक युवक पर पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में युवक के पैर में गोलियां लगी हैं, जिसे गंभीर हालत में विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चांदमारी दुर्गा मंदिर के पास रहने वाला 23 वर्षीय यश थोराट निजी काम करता है। सोमवार की रात यश अपने साथी बिन्नू उर्फ निखिल श्रीवास और चीकू उर्फ सौम्य सिंह के साथ मयूर कला मंदिर स्थित अपना स्वीट्स के पास खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। तभी कांचघर की ओर से हरे रंग की एक्सिस स्कूटी पर सवार होकर दो युवक बाबू उर्फ कृष्णा हासवानी और निखिल उर्फ कंजा सिंधी वहां पहुंचे। स्कूटी निखिल चला रहा था और बाबू पीछे बैठा था। यश को देखते ही पुरानी रंजिश के चलते बाबू ने कमर से पिस्टल निकाली और जान से मारने की नीयत से उस पर फायर झोंक दिया।
जान बचाकर भागा, फिर भी मारी गोली-
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहली गोली यश के दाहिने पैर की जांघ में पीछे की तरफ लगी। घायल होने के बावजूद यश अपनी जान बचाने के लिए वहां से भागा, लेकिन हमलावरों का खून सवार था। आरोपियों ने पीछे से दूसरा फायर किया, जो फिर से यश के पैर में लगा। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी स्कूटी से चौरसिया पान दुकान की तरफ भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही घमापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल यश को उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित के बयान दर्ज किए। थाना प्रभारी के अनुसार पुरानी रंजिश को लेकर हुए इस हमले में आरोपी बाबू उर्फ कृष्णा हासवानी और निखिल उर्फ कंजा के खिलाफ प्रकरण
दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
