घोड़ा लात मार देगा कहना पड़ा भारी, युवक को घेरकर चाकुओं से गोदा, मौत

जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र के नूरानी गेट इलाके में एक शादी समारोह के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी रंजिश में बदल गया। घोड़े से दूर हटने की सलाह देना एक युवक को इतना भारी पड़ा कि आरोपियों ने उसे रास्ते में घेरकर चाकुओं से गोद कर मौत के घाट उतार दिया।

पुलिस ने बताया कि नयापुल मोतीनाला निवासी मोनू अपने साथियों सोहराब, बादशाह और अमन के साथ शादी-ब्याह में घोड़ा-बग्घी चलाने का काम करता था। रात करीब 11 बजे वे नूरानी गेट के पास एक बारात में शामिल थे। इसी बीच घोड़े के पीछे खड़े जीशान नामक युवक को मोनू ने सुरक्षा के लिहाज से टोका कि पीछे मत खड़े हो, घोड़ा लात मार देगा। जीशान इस बात को लेकर आपा खो बैठा। मौके पर मौजूद लोगों ने उस वक्त विवाद शांत करा दिया, लेकिन जीशान देख लेने की धमकी देकर वहां से चला गया। जब मोनू और उसके साथी काम खत्म कर रात करीब 12:15 बजे घोड़ा वापस छोड़ने जा रहे थे। स्लाटर हाउस से आगे समा प्राइमरी स्कूल के पास घात लगाए बैठे 8 बदमाशों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। हमलावरों में जीशान, शहबाज, गुलशेर, डी नौशाद, फरहान, याशीन, साकिर और तनवीर शामिल थे।

आरोपियों ने चिल्लाते हुए कहा, बारात में बड़ा हीरो बन रहा था, आज इसे खत्म कर दो। इसके बाद जीशान, शहबाज और गुलशेर ने चाकू निकालकर मोनू पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। 24 वर्षीय मोनू उर्फ मोहम्मद सादिल के पेट और जांघ में गहरे घाव हुए, जबकि उसे बचाने आए सोहराब को भी चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। लहूलुहान हालत में मोनू को विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई।

Next Post

तीन मंजिला भवन में भड़की आग ने मचाया कोहाराम 

Tue Mar 31 , 2026
जबलपुर। करमचंद चौक स्थित तीन मंजिला इमारत में स्थित म्यूजिक शो रूम और अतिथि कलेक्शन कपड़े के गोदाम में भड़की आग ने जमकर कोहराम मचाया। आग इतनी भीषण थी कि देर रात करीब साढे दस बजे से लेकर मंगलवार सुबह करीब साढे 6 बजे तक फायर ब्रिगेड का अमला आग […]

You May Like