
उज्जैन। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को 71 जिलों में अध्यक्षों की घोषणा की, जिसमें उज्जैन पर विशेष ध्यान दिया गया है। यहां शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद पर दूसरी बार मुकेश भाटी को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि ग्रामीण जिला अध्यक्ष की कमान तराना से कांग्रेस विधायक महेश परमार को सौंपी गई है।
भाटी का पहला कार्यकाल सक्रिय आंदोलन और सत्ता पक्ष के खिलाफ लगातार विरोध-प्रदर्शनों के कारण संतोषजनक माना गया। इसी वजह से उन्हें पुनः यह दायित्व सौंपा गया है। दूसरी ओर महेश परमार को ग्रामीण अध्यक्ष बनाकर कांग्रेस ने उज्जैन में भाजपा को सीधी चुनौती देने का संकेत दिया है।
कांग्रेस का मानना है कि उज्जैन न सिर्फ विधानसभा चुनाव की दृष्टि से अहम है बल्कि सिंहस्थ 2028 की तैयारियों में भी बड़ी भूमिका निभाएगा। ऐसे में संगठन को मजबूत करने और विपक्ष की धार बनाए रखने के लिए यह जोड़ी कारगर साबित हो सकती है। विधायक परमार पहले महापौर और लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं और ग्रामीण इलाकों में उनका मजबूत जनाधार है, वहीं मुकेश भाटी शहरी राजनीति में संगठन को सक्रिय करने के लिए जाने जाते हैं।
