कुएं में गिरे एक साथ 7 जंगली सुअर, एक की मौत 

सिवनी। जिले के कन्हान पिपरिया गांव में आज दोपहर 3 बजे एक कुएं में सात जंगली सुअर गिर गए। एक साथ 7 जंगली सुअर के कुएं में गिरने से गांव में हड़कम्प मच गया। खबर मिलते ही वन विभाग और वन विकास निगम की संयुक्त टीम ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। जिसमें छह सुअरों को सुरक्षित बचा लिया गया जबकि एक की मौत हो गई।

यह घटना ग्राम कन्हान पिपरिया निवासी किसान अनिल पाटिल के खेत में स्थित एक बिना मुंडेर वाले कुएं में हुई। दोपहर में ग्रामीणों ने कुएं से अजीब आवाजें सुनीं। पास जाकर देखने पर पता चला कि जंगली सुअरों का एक झुंड कुएं के पानी में फंसा हुआ है। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग और वन विकास निगम को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही दक्षिण वनमंडल की सिवनी रेंज और वन विकास निगम सिवनी की कान्हीवाड़ा रेंज की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों के सहयोग से बचाव अभियान शुरू किया। रस्सियों और अन्य आवश्यक उपकरणों का उपयोग करके एक.एक कर सभी जंगली सुअरों को कुएं से बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के दौरान जानवरों को अतिरिक्त चोट से बचाने के लिए विशेष सुरक्षा उपाय किए गए थे। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कुएं में गिरने और लंबे समय तक फंसे रहने के कारण एक जंगली सुअर की मौत हो गई। मृत सुअर का पोस्टमार्टम कराया गया है और उसकी मौत के कारणों की जांच की जा रही है। सुरक्षित बचाए गए छह जंगली सुअरों को उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया है।

Next Post

नीमच पहुंचे रतलाम रेंज डीआईजी निमिष अग्रवाल, बोले- ड्रग्स तस्करों का नेटवर्क पूरी तरह ध्वस्त करेंगे, नशा मुक्ति पहली प्राथमिकता

Wed Jun 10 , 2026
नीमच। रतलाम रेंज के डीआईजी निमिष अग्रवाल ने नीमच जिले का दो दिवसीय दौरा कर कानून व्यवस्था और नशा मुक्ति अभियान की समीक्षा की। उन्होंने जिला पुलिस कार्यालय और विभिन्न थानों का वार्षिक निरीक्षण कर लंबित मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए। तीन अवैध ड्रग फैक्ट्रियों का खुलासा किया […]

You May Like