
नयी दिल्ली, 16 अगस्त (वार्ता) राजस्थान के धार्मिक स्थलों खाटू श्याम और सालासर बालाजी के लिए दिल्ली के रोहिणी हेलीपोर्ट से 23 अगस्त से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होगी।
निजी सेवा कंपनी स्यंदन एविएशन ने बताया कि वह आगामी 23 अगस्त से इस राउंड ट्रिप सेवा की शुरुआत कर रही है। छह घंटे में श्रद्धालु दोनों मंदिरों के दर्शन कर वापस आ सकते हैं। इस सेवा के लिए एक व्यक्ति का किराया 95 हजार रुपये रखा गया है जिसमें खाना, हेलीपैड से मंदिर तक परिवहन, दर्शन से पहले तरोताजा होने के लिए एमेनिटी और दोनों धार्मिक स्थलों पर वीआईपी दर्शन की सुविधा भी दी जायेगी।
कंपनी ने बताया कि 23 अगस्त को पहली उड़ान सुबह 9.30 बजे दिल्ली से रवाना होगी जिसमें आमंत्रित विशिष्ट अतिथि सवार होंगे। आने-जाने की दूरी मिलाकर कुल दूरी 700 किलोमीटर की है।
स्यंदन एविएशन के प्रबंध निदेशक अभिनव सहाय ने कहा, ”भारत में अक्सर धार्मिक यात्रा में सड़क मार्ग से घंटों लग जाते हैं। हम इसे बदल रहे हैं। श्रद्धालु अब छह घंटे में भगवान का आशीर्वाद लेकर आराम से घर लौट सकते हैं।”
