हमारा लक्ष्य हीरो एशिया कप जीत कर हॉकी विश्वकप 2026 के लिए क्वालीफाई करना: हरमनप्रीत

पटना, (वार्ता) भारतीय पुरूष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने सोमवार को कहा कि हमारा लक्ष्य हीरो एशियाकप जीतकर हॉकी विश्वकप 2026 के लिए सीधे क्वालीफाई करना है।

श्री सिंह ने आज यहां यूनीवार्ता से बातचीत में कहा कि इस प्रतियोगिता में भारत किसी भी टीम को हल्के में नही ले रही है और हम हर मैच को पूरी मुस्तैदी से खेलेंगे। उन्होंने कहा कि हमारे पास प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की एक नर्सरी तैयार है जो भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। भारतीय हॉकी टीम के कप्तान ने कहा कि हाल ही में अपने बेंच स्ट्रेंथ को टेस्ट करने के किये ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 24 सदस्यों की भारतीय हॉकी टीम गयी थी। पहले दो प्रयोगात्मक मैच हम हारे लेकिन बाद के दो मुकाबलों में एक हमने ऑस्ट्रेलिया जैसी सशक्त टीम को हराया।हरमनप्रीत तीन ओलम्पिक खेलो 2016,2021 और 2024 में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और दो बार कांस्य पदक हासिल करने में सफल रहे हैं। 2024 के पेरिस ओलम्पिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीन के वह कप्तान भी थे।

2016 के ओलम्पिक खेलो में हरमनजीत की हॉकी स्टिक कोई गोल किये बिना खामोश रह गयी थी, इस सवाल के जवाब में भारतीय कप्तान ने कहा कि एक साल पहले ही भारतीय टीम में उनका चयन हुआ था। उस समय अनुभव की कमी थी और सीनियर खिलाड़ियों का दबदबा था लेकिन उस अनुभव से बहुत कुछ सीखा गया। उन्होंने कहा कि मेहनत का कोई स्थानापन्न नही होता है, मैंने ठान लिया कि आगे देश के लिए कुछ करना है, इसके बाद सफलता मिलती गयी।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रन शंकरन ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पहली बार राज्य में कोई एशिया स्तर की पुरुष हॉकी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इससे पहले बिहार ने महिलाओं की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता आयोजित की गयी थी। उन्होंने कहा कि खेलकूद के इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के साथ हमारी आयोजन क्षमता बढ़ रही है। महिलाओं की हॉकी टीम को हमने बोधगया में ठहराया था लेकिन इस बार पुरूष टीम खेलकूद के स्थल के पास ही राजगीर में ठहरेगी। उन्होंने कहा कि राजगीर में पहले हमारे पास केवल एक हॉकी ट्रैक था लेकिन अब दूसरा भी बन गया है जिससे मैचो को समय सीमा में आयोजित करना आसान हो गया है।

श्री शंकरन ने कहा कि भारतीय कप्तान हरमनप्रीत के साथ हमने कुछ अतिरिक्त कार्यक्रम भी रखे है। उन्हीने कहा कि खाली समय मे एक दिन भारतीय कप्तान राजगीर के आसपास के गांवों में जाएंगे और युवा लड़को से मिल कर हॉकी को प्रोमोट करेंगे। दूसरे दिन भारतीय हॉकी टीम साइकिल से सड़क पर निकलेगी और हॉकी के बढ़ावे का संदेश देगी। उन्होंने कहा कि बिहार में राजगीर की विश्वस्तरीय सुविधा को देखते हुए भारत की जूनियर टीन भारतीय हॉकी के मशहूर पूर्व गोलकीपर श्रीजेश की देख रेख में ट्रेनिंग ले रही है। इसके अलावा ओमान की टीम ने भी राजगीर आ कर अभ्यास और प्रशिक्षण की इच्छा जताई है।

इस मौके पर टीम के कोच क्रेग फुल्टन ने कहा कि टीम की तैयारियां अच्छी है और हमारा फोकस पूरी तरह से हीरो एशिया कप जीतने पर है। यह पूछने पर कि क्या पाकिस्तान की अनुपस्थिति में यह प्रतियोगिता आसान है, उन्होंने कहा इस समय सभी अंतरराष्ट्रीय टीमें मजबूत है और कोरिया, मलेशिया और जापान को कम आंकना ठीक नही है।

उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता में भारत के अलावा दक्षिण कोरिया, चीन, जापान, बांग्लादेश, मलेशियाई और कजाखस्तान और चाइनीज ताईपेई की टीमें भाग ले रही है।

भारत ग्रुप ए में चीन, जापान और कजाखस्तान के साथ है। प्रतियोगिता 29 अगस्त से शुरू होगी और फ़ाइनल मैच सात सितंबर को खेला जाएगा।

Next Post

जूनियर डॉक्टरों पर चाकू से हमला

Tue Aug 26 , 2025
जबलपुर: मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टरों पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक नेताजी सुभाषचन्द्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पतालमें विष्णु सुतार, रोहित सोलंकी जूनियर डॉक्टर है। सोमवार दोपहर लगभग 12 बजे कॉलेज […]

You May Like