जबलपुर: मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टरों पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक नेताजी सुभाषचन्द्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पतालमें विष्णु सुतार, रोहित सोलंकी जूनियर डॉक्टर है। सोमवार दोपहर लगभग 12 बजे कॉलेज परिसर के बाहर तीन बदमाश पहुंचे और अचानक चाकू से वार कर दिया।
हमले में दोनों घायल हो गए। जूनियर डॉक्टरों पर हुए हमले से डॉक्टरों में आक्रोश है। मामले में जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन ने अस्पताल प्रबंधन को पत्र लिखा है। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने की मांग की है। यह भी चेतावनी दी कि यदि दोबारा ऐसी वारदात होती है, तो आंदोलन किया जाएगा।
