
केर्न्स (ऑस्ट्रेलिया) 16 अगस्त (वार्ता) डेवाल्ड ब्रेविस (53) और रासी वान दर डुसेन (नाबाद 38) की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने शनिवार को तीसरे टी-20 मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 173 रनों का लक्ष्य दिया।
आज यहां ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत खराब रही और उसने मात्र दो रन के स्कोर पर कप्तान एडम मारक्रम (एक) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये लुआन-द्रे प्रेटोरियस ने रायन रिकलटन के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया।
पांचवें ओवर में नेथन एलिस ने तेजी के साथ रन बना रहे लुआन-द्रे प्रेटोरियस 15 गेंदों में (24) को आउटकर ऑस्ट्रेलिया को दूसरी सफलता दिलाई। रायन रिकलटन 13 रन बनाकर आउट हुये।
इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस और ट्रिस्टन स्टब्स की जोड़ी ने चौथे विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी की। 12वें ओवर में नेथन एलिस ने डेवाल्ड ब्रेविस को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। डेवाल्ड ब्रेविस ने 26 गेंदों में एक चौके और छह छक्कों की मदद से (53) रनों की पारी खेली। ट्रिस्टन स्टब्स ने 23 गेंदों में 25 रन बनाये। उन्हें एडम जम्पा ने बोल्ड आउट किया। कॉर्बिन बॉश (एक) और सेनुरन मुथुसामी नौ रन बनाकर आउट हुये।
दक्षिण अफ्रीका ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 172 रनों का स्कोर खड़ा किया। रासी वान दर डुसेन ने 26 गेंदों में तीन चौकों की मदद से नाबाद 38 रन बनाये। कैगिसो रबाडा चार रन बनाकर नाबाद रहे।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से नेथन एलिस ने तीन विकेट लिये। एडम जम्पा और जॉश हेजलवुड को दो-दो विकेट मिले।
