
बालाघाट। आज 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस की 78वीं वर्षगांठ हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्य समारोह में परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। सीआरपीएफ, जिला पुलिस बल, एनसीसी, स्काउट गाइड और शौर्यादल ने शानदार मार्चपास्ट किया, गुब्बारे छोड़े गए और हर्ष फायर हुए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संबोधन एलईडी स्क्रीन पर प्रसारित हुआ। मंत्री सिंह ने जिले की उपलब्धियां बताई और लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया। स्कूलों के छात्रों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और पत्रकारों को सम्मानित किया गया। मार्चपास्ट और भवन सजावट प्रतियोगिताओं में विभिन्न संस्थाओं को पुरस्कार मिले। सांदीपनी विद्यालय में विशेष मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम में मंत्री सिंह समेत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बच्चों के साथ रागी से बने व्यंजन साझा किए।
कलेक्टरेट कार्यालय में कलेक्टर मृणाल मीना ने ध्वजारोहण कर अधिकारियों-कर्मचारियों से ईमानदारी व संवेदनशीलता के साथ जनसेवा का आह्वान किया। कलेक्टर निवास पर भी ध्वजारोहण हुआ।
स्वतंत्रता दिवस पर मंत्री सिंह ने सर्किट हाउस के पास बनने वाले अटल उद्यान और स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापना हेतु भूमिपूजन भी किया। समारोह में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं व नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
