
सिंगरौली। जिले के खुटार क्षेत्र के चित्रवाई कला गांव से एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां 10 वर्षीय बच्चे ने मां और बहन की पिटाई से नाराज होकर पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करा दी।
खुटार चौकी प्रभारी शीतल यादव ने बताया कि आज सुबह डायल 112 पर एक मासूम बच्चे का फोन आया। बच्चे ने बताया कि उसकी मां और बहन ने उसे रस्सी से बांधकर पीटा है। कॉल सुनकर प्रधान आरक्षक अरविंद कुमार हैरान भी हुए और मुस्कुराए भी। जब बच्चे से वजह पूछी गई तो उसने बताया कि उसने कुरकुरे और चिप्स खाने के लिए 20 रुपए मांगे थे, पैसे न मिलने पर मां और बहन ने उसे पीट दिया।
कॉल को ट्रेस करने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को कुरकुरे व चिप्स खिलाए। इससे बच्चा तुरंत खुश हो गया। प्रधान आरक्षक ने बच्चे को समझाया कि माता-पिता की बात मानना जरूरी है।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग बच्चे की मासूम शिकायत पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। पुलिस का कहना है कि कॉल मिलने पर शुरू में समझ नहीं आया कि कैसे प्रतिक्रिया दें, लेकिन यह तय किया गया कि बच्चे से मिलना ही सबसे जरूरी है। बच्चा कॉल करते समय रो रहा था, लेकिन बाद में चिप्स और कुरकुरे मिलने पर उसका चेहरा खिल उठा।
