
इंदौर. जीआरपी इंदौर के “हर घर तिरंगा हर घर स्वच्छता” अभियान का समापन शुक्रवार को रेल कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण के साथ हुआ. पुलिस अधीक्षक रेल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर उपस्थित जनसमूह को देश की एकता और स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई.
11 से 15 अगस्त तक चले इस अभियान में पुलिस, रेलवे स्टाफ, रेल यात्री, कूली, वेंडर और आमजन ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. तिरंगा रैली, जनजागरण, सफाई अभियान, जल संरक्षण की अपील और बच्चों की पेंटिंग प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रमों से देशभक्ति और स्वच्छता का संदेश फैलाया. अभियान के दौरान समाजसेवी संस्थाओं और रेलवे कर्मचारियों ने नागरिकों को अपने घर, दुकान और कार्यालय पर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया. स्टेशन परिसर देशभक्ति गीतों और नारों से गूंज उठा. एसपी संतोष कुमार कोरी ने कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि तिरंगे के सम्मान, एकता और अनुशासन का प्रतीक है, जिसे जीवन में अपनाना जरूरी है.
