सतना:चित्रकूट विधायक सुरेन्द्र सिंह गहरवार ने कांग्रेस द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को निराधार बताया है. शनिवार को सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि उनका पूरा राजनीतिक जीवन भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष में बीता है. कांग्रेस के तीन नेताओं द्वारा लगाए गए एक करोड़ 70 लाख रुपये के कमीशन के आरोप पर उन्होंने कहा कि जब 18 स्वीकृत कार्य अभी शुरू ही नहीं हुए, तो कमीशन का सवाल ही नहीं उठता उन्होंने चुनौती दी कि कांग्रेस जांच कराए और दोषी पाए जाने पर एफआईआर दर्ज कराए.
गहरवार ने कहा कि उनका क्षेत्र जल संकट से जूझ रहा है, और उन्होंने जल संरचनाओं के संरक्षण के प्रयास किए हैं. मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृत 30 करोड़ से छह बांधों का विकास किया जा रहा है. विधायक ने क्षेत्रीय पदयात्रा कर जलग्रहण इकाइयों की पहचान की और उन्हें पुनर्जीवित करने की योजना बनाई. उन्होंने चित्रकूट को पर्यटन नगरी के रूप में विकसित किए जाने का समर्थन करते हुए कहा कि इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पलायन रुकेगा.
