बीजाडांडी में चार अवैध क्लीनिक सील, झोलाछाप डॉक्टरों पर चला प्रशासन का डंडा

मंडला। मंडला स्वास्थ्य विभाग ने जिले में अवैध रूप से संचालित हो रही क्लीनिकों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बीजाडांडी और आसपास के क्षेत्रों में जिला स्तरीय दल, विकासखंड स्तरीय दल, राजस्व विभाग और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से आठ क्लीनिकों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान चार क्लीनिक नियम विरुद्ध तरीके से संचालित पाई गईं, जिन्हें तत्काल सील कर दिया गया है। इन क्लीनिकों पर एलोपैथी विधि से इलाज किया जा रहा था, जबकि उनके संचालकों के पास इसके लिए वैध अनुमति या पंजीकरण नहीं था। अन्य चार क्लीनिकों को नियमों के अनुसार संचालन करने की चेतावनी दी गई है।

सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि क्लीनिकों के संचालन के लिए वैध पंजीकरण जिला स्तर से अनुमति और अपनी विधि के अनुसार ही इलाज व दवाएं रखना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ यह औचक निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम विरुद्ध क्लीनिक संचालित करते पाए जाने पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि वर्षा ऋतु में सर्दी-जुकाम, उल्टी-दस्त, सांप काटने और जानवरों के काटने जैसे मामले अधिक आते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग के पास पर्याप्त स्टाफ है, जिसमें सीएचओ, एएनएम, आशा कार्यकर्ता और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर पदस्थ हैं। अक्सर मरीज इन झोलाछाप डॉक्टरों के चंगुल में फंसकर गंभीर अवस्था में शासकीय अस्पताल आते हैं, और कई बार उनकी जान भी चली जाती है। इसी बात को ध्यान में रखकर यह औचक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।

सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने जिले भर के सभी डॉक्टरों से अपील की है कि वे अपनी विधि के अनुसार ही चिकित्सा सेवाएं दें और पंजीयन तथा क्लीनिक संचालन के लिए जिले से अनुमति अवश्य लें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता से भी अनुरोध किया है कि वे नजदीकी स्वास्थ्य संस्थाओं में निःशुल्क इलाज कराएं या पंजीकृत एवं वैध चिकित्सकों से ही इलाज कराएं।

Next Post

तेज़ बहाव में बहा ऑटो, रेस्क्यू के दूसरे दिन मिला युवक का शव

Sat Jul 12 , 2025
पन्ना।जिला सहित शाहनगर क्षेत्र में हो रही लगातार तेज बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। प्रशासन द्वारा बार-बार चेतावनी देने के बावजूद लोग जोखिम उठाने से बाज नहीं आ रहे। इसी लापरवाही का खामियाजा एक युवक को अपनी जान गंवाकर भुगतना पड़ा। थाना शाहनगर अंतर्गत बिसानी क्षेत्र के धुवहा […]

You May Like