
खरगोन। जनभागीदारी और नवाचार से जल संरक्षण के क्षेत्र में खरगोन जिले ने देश भर में अपनी अलग पहचान बनाई है। केंद्र सरकार के जल संसाधन और नदी विकास विभाग द्वारा संचालित जल शक्ति अभियान अंतर्गत चलाए गए जल संचय जन भागीदारी अभियान में जिले ने वेस्टर्न जोन में 13वां स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर जिले को 25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
कलेक्टर भव्या मित्तल और सीईओ जिला पंचायत आकाश सिंह के मार्गदर्शन में अप्रैल 2024 से मई 2025 तक 5606 जल संरक्षण कार्यों का सत्यापन हुआ। इनमें खेत तालाब, स्टॉप डैम, चेक डैम, कंटूर-ट्रेंच, सोखपीट, कपिलधारा, तालाब सौंदर्यीकरण जैसी संरचनाएँ शामिल रहीं।
अभियान में स्वयंसेवी संगठनों, स्वसहायता समूहों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से पुराने जलस्रोतों का पुनर्जीवन और कृत्रिम रिचार्ज संरचनाओं का निर्माण किया गया। गाँव-गाँव में वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देकर जागरूकता अभियान चलाए गए। परिणामस्वरूप खरगोन ने जल संरक्षण में राष्ट्रीय स्तर पर परचम फहराया।
